आदित्यपुर नगर निगम की लापरवाही से बढ़ा हादसे का खतरा, लाल बिल्डिंग से गम्हरिया स्टेशन रोड बनी मौत का जाल
राजद नेता मुकेश झा ने की चेतावनी, किसी भी दिन हो सकती है बड़ी दुर्घटना, तुरंत लगाया जाए नाली पर ढक्कन

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले में आदित्यपुर नगर निगम की लापरवाही अब जानलेवा साबित हो रही है। लाल बिल्डिंग से गम्हरिया रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली प्रमुख लाइफ लाइन सड़क पर खुले नालों ने हादसे को न्यौता दे रखा है। सड़क किनारे बनी नाली के ऊपर कवर न होने से किसी भी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है। यह सड़क प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों और राहगीरों के आवागमन की प्रमुख मार्ग है जो गम्हरिया रेलवे स्टेशन को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र और गम्हरिया हाट-बाजार से जोड़ती है। पूर्व जिला राजद प्रवक्ता मुकेश झा ने नगर निगम और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि जनहित के इस गंभीर मुद्दे पर प्रशासन मौन है। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो कोई बड़ी दुर्घटना टाली नहीं जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यह सिर्फ स्थानीय नहीं बल्कि औद्योगिक सुरक्षा से जुड़ा राष्ट्रीय महत्व का मुद्दा है क्योंकि इसी मार्ग से कई उद्योगों के श्रमिक एवं अधिकारी प्रतिदिन गुजरते हैं। मुकेश झा ने आदित्यपुर नगर निगम, स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन से अविलंब नाली पर ढक्कन लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो राजद जनहित में आंदोलन करेगा।