जेलएलकेएम युवा मोर्चा की बैठक में गम्हरिया प्रखंड भाग-1 कमेटी का विस्तार
जयराम महतो के विचारों से प्रभावित होकर कई युवा जुड़े जेएलकेएम से, रामदास मार्डी बने प्रखंड अध्यक्ष

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत ऊपरबेडा स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के युवा मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रोहित महतो ने की। इस अवसर पर कोल्हान प्रमंडलीय अध्यक्ष प्रताप महतो, महिला मोर्चा की केंद्रीय सचिव सविता महतो और विणा महतो की उपस्थिति भी रही। बैठक में गम्हरिया प्रखंड भाग-1 की युवा मोर्चा कमेटी का विस्तार किया गया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़े कई सक्रिय कार्यकर्ता और आस-पास के आदिवासी ग्रामीण युवा जेएलकेएम नेता जयराम महतो के विचारों एवं सिद्धांतों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ गए और उन्होंने सदस्यता ग्रहण की। विस्तारित कमेटी में रामदास मार्डी को गम्हरिया प्रखंड भाग-1 का प्रखंड अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बाबूराम मार्डी को वरीय उपाध्यक्ष, विनय महतो को उपाध्यक्ष, लेपा बास्के को सचिव, दिलीप मार्डी को कोषाध्यक्ष, आकाश महतो को महासचिव और आसित महतो को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में नितेश महतो, रतन महतो, चंदन कुमार महतो, आनंद दास, अमरजीत महतो, संग्राम मुर्मू, विजय महतो समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, युवाओं की भूमिका और क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर चर्चा हुई तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर रणनीति बनाई गई।