चंदवा में कोयला लदे हाइवा का कहर, ट्रक को टक्कर मार दुकान में घुसा वाहन, दो चालक गंभीर घायल
इंदिरा चौक में देर रात भीषण सड़क हादसा, सीसीटीवी में कैद हुई टक्कर की पूरी घटना

लातेहार : जिले के चंदवा प्रखंड मुख्यालय स्थित इंदिरा चौक में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। कोयला लदे एक हाइवा और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद हाइवा सड़क पर पलट गया जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के प्रभाव से हाइवा चालक और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा पहुंचाया। अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चंदवा क्षेत्र में कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए तेज गति से वाहन चलाते हैं जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि इस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण कुछ समय तक इंदिरा चौक और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। पुलिस ने मशक्कत के बाद मार्ग को सामान्य कराया। इस दुर्घटना की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज को खंगालते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों की नियमित जांच, ओवरस्पीडिंग पर सख्ती और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।