छात्र की मौत के बाद फूटा जनाक्रोश, आदित्यपुर थाना पहुंचकर परिजनों ने उठाए पुलिस कार्रवाई पर सवाल
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली 11वीं के छात्र की जान, परिजनों ने कहा: हादसों पर लगाम लगाने में प्रशासन विफल

आदित्यपुर : थाना क्षेत्र के रेलवे अंडर ब्रिज के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र कन्हाई दास की मौत के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों ने मंगलवार को आदित्यपुर थाना पहुंचकर दोषी चालक की गिरफ्तारी, मुआवजा और सड़क सुरक्षा को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी कई सवाल उठाए गए। जानकारी के अनुसार आरआईटी थाना क्षेत्र के रायडीह बस्ती निवासी कन्हाई दास सोमवार सुबह दवा लेने के लिए स्कूटी से निकला था। रेलवे अंडर ब्रिज के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया लेकिन परिजनों का आरोप है कि केवल वाहन जब्त कर लेने से न्याय नहीं मिलेगा। उनका कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों के तहत तेज गति, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना और सार्वजनिक मार्गों पर लोगों की जान को खतरे में डालना दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद शहर में कई स्थानों पर भारी वाहन बिना नियंत्रण के दौड़ते दिखाई देते हैं। थाने पहुंचे लोगों ने मांग की कि दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की जाए, मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए तथा रेलवे अंडर ब्रिज और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक नियंत्रण, गति सीमा और नियमित पुलिस निगरानी सुनिश्चित की जाए। छात्र की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।