जबरन शादी के विरोध में खौफनाक वारदात, युवक ने फुआ की हत्या कर 7 पर किया जानलेवा हमला
सीवान के ओलीपुर गांव में सनसनी, गुस्से में युवक ने परिवार पर चलाया धारदार हथियार

बिहार : सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओलीपुर गांव में जबरन शादी कराने की कोशिश एक भयावह घटना में बदल गई। रविवार देर रात एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी सगी फुआ की हत्या कर दी और परिवार के सात अन्य लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। मृत महिला की पहचान फूलमती देवी के रूप में हुई है जो जामोबाजार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी अजय सिंह की पत्नी थीं। वहीं हमले में सिकंदर कुमार, अभिषेक कुमार, नागेंद्र सिंह, अंजलि कुमारी, संध्या कुमारी, दीपक कुमार, योगेंद्र शर्मा और शोभा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार आरोपी दीपक कुमार दूसरे राज्य में काम करता था जहां उसका एक लड़की से प्रेम संबंध था। परिवार ने उसकी इच्छा के विरुद्ध गांव में उसकी शादी तय कर दी और बहाने से उसे घर बुला लिया। गांव पहुंचने पर जब उसे शादी और मंगलवार को होने वाले तिलक समारोह की जानकारी मिली तो वह आक्रोशित हो उठा। बताया जा रहा है कि इसी तनाव और गुस्से में युवक ने देर रात अचानक घर के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने अपनी फुआ पर जानलेवा वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद युवक ने खुद को भी घायल कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन छानबीन कर रही है तथा आरोपी की मानसिक स्थिति और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।