ताज़ा-ख़बर

चेन्नई सुपर किंग्स की ऐतिहासिक जीत, मुंबई इंडियंस को 103 रन से रौंदा

रिपोर्ट: VBN News Desk17 घंटे पहलेखेल

संजू सैमसन का शतक और गेंदबाजों का कहर, वानखेड़े में बना बड़ा रिकॉर्ड

चेन्नई सुपर किंग्स की ऐतिहासिक जीत, मुंबई इंडियंस को 103 रन से रौंदा

मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रनों के विशाल अंतर से हराकर इतिहास रच दिया। वानखेड़े स्टेडियम में मिली यह जीत चेन्नई की आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत बन गई जबकि मुंबई के लिए यह सबसे बड़ी हार साबित हुई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए। टीम की जीत के नायक संजू सैमसन रहे जिन्होंने 54 गेंदों में नाबाद 101 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ (22), डेवाल्ड ब्रेविस (21) और जेमी ओवर्टन (15) ने भी उपयोगी योगदान दिया। 208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और महज 104 रन पर सिमट गई। सूर्यकुमार यादव (36) और तिलक वर्मा (37) ने कुछ संघर्ष जरूर किया लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। हार्दिक पांड्या सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। गेंदबाजी में अकील हुसैन ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया जबकि नूर अहमद ने 2 विकेट झटके। इस जीत के साथ चेन्नई अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है जबकि मुंबई आठवें स्थान पर खिसक गई है।

इन्हें भी पढ़ें.