ताज़ा-ख़बर

मुजफ्फरपुर शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का खुलासा, प्रधानाध्यापक पर अवैध वसूली का आरोप

रिपोर्ट: VBN News Desk23 घंटे पहलेबिहार

वायरल वीडियो के बाद डीईओ की सख्त कार्रवाई, प्रधानाध्यापक से 24 घंटे में मांगा जवाब

मुजफ्फरपुर शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का खुलासा, प्रधानाध्यापक पर अवैध वसूली का आरोप

मुजफ्फरपुर : जिले के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। सरैया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर अरार के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार पर शिक्षकों से अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर अवैध उगाही का वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापक कथित तौर पर शिक्षकों से प्रति शिक्षक 300 रुपये लेते हुए नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार शिक्षकों को अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा और अनुपस्थिति विवरणी जमा करनी थी इसी प्रक्रिया के नाम पर अवैध राशि की मांग की गई। मामले के सामने आते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविन्द सिन्हा ने 5 जनवरी 2026 को पत्रांक-25 जारी कर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया है। नोटिस में कहा गया है कि उपलब्ध साक्ष्य प्रथम दृष्टया पद के दुरुपयोग की पुष्टि करते हैं। विभाग ने इसे सरकारी कर्मचारी आचार संहिता-1976 का स्पष्ट उल्लंघन बताया है। डीईओ ने प्रधानाध्यापक को 24 घंटे के भीतर स्वयं उपस्थित होकर साक्ष्यों सहित जवाब देने का निर्देश दिया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस घटना के बाद जिले के अन्य विद्यालयों में भी हड़कंप का माहौल है और शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.