डिप्टी मेयर की राजनीति से दूर वार्ड की समस्याओं के समाधान में जुटीं पार्षद नीतू शर्मा
वार्ड-17 में खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराईं, जनता की सेवा को बताया पहली प्राथमिकता

आदित्यपुर : नगर निगम चुनाव के बाद जहां एक ओर डिप्टी मेयर पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है वहीं वार्ड-17 की नव निर्वाचित पार्षद नीतू शर्मा अपने वार्ड की समस्याओं के समाधान में सक्रिय हो गई हैं। संभावित प्रत्याशी जहां पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार लॉबिंग में जुटे हैं वहीं नीतू शर्मा इन सब से अलग जनता की सेवा को प्राथमिकता देती नजर आ रही हैं। शुक्रवार को उनकी पहल पर वार्ड-17 में लंबे समय से खराब पड़ी कई स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई गई। जो लाइटें पूरी तरह से खराब हो चुकी थीं उन्हें भी बदलवाने का काम किया गया। इससे इलाके में रोशनी की व्यवस्था बेहतर हुई है और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। नीतू शर्मा ने कहा कि जनता ने उन्हें जिस जिम्मेदारी के लिए चुना है वह उसी कार्य को पूरी ईमानदारी से निभा रही हैं। उनके लिए फिलहाल डिप्टी मेयर चुनाव की लॉबिंग से ज्यादा महत्वपूर्ण वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान है। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने उनसे समर्थन को लेकर संपर्क किया है लेकिन अभी तक उन्होंने किसी भी प्रत्याशी को समर्थन देने का आश्वासन नहीं दिया है। समय आने पर ही वे तय करेंगी कि किसी को समर्थन देना है या खुद कोई निर्णय लेना है।