झामुमो की संयुक्त बैठक में SIR अभियान को सफल बनाने पर जोर
मतदाता सूची से एक भी नाम न छूटे यह सुनिश्चित करने का आह्वान

गुमला। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से रविवार को सिसई रोड स्थित सितारा संस्था परिसर में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता गुमला विधायक सह झामुमो जिला अध्यक्ष भूषण तिर्की ने की। बैठक में BLA-2, वार्ड समिति, पंचायत समिति, नगर समिति, प्रखंड समिति एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा करना तथा यह सुनिश्चित करना था कि गुमला जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए तथा SIR अभियान की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बूथ स्तर तक संगठन के कार्यकर्ता सक्रिय होकर लोगों को जागरूक करें और हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें। बैठक में उपस्थित नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना अत्यंत आवश्यक है। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि वर्तमान समय में देश के कई राज्यों में मतदाता सूची को लेकर गंभीर चर्चाएं चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण अधिकारों में से एक है और यदि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूट जाता है तो वह अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करने से वंचित हो जाता है। उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे राज्य में जहां आदिवासी, मूलवासी, अल्पसंख्यक एवं ग्रामीण आबादी बड़ी संख्या में निवास करती है, वहां विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि SIR फॉर्म भरने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है, लेकिन अभी भी जिले के कई क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने में अब बहुत कम दिन शेष हैं और अभी भी बड़ी संख्या में लोगों का पंजीकरण कार्य बाकी है। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं, BLA-2, स्वयंसेवकों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिलकर अभियान को गति देनी होगी।विधायक ने कहा कि झारखंड राज्य लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद अस्तित्व में आया है। झारखंड आंदोलन के पुरोधा एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के पीछे यहां के लोगों की पहचान, अधिकार और सम्मान की लड़ाई थी। इसलिए आज भी झारखंड के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें तथा फॉर्म भरने में हरसंभव सहायता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं लोगों तक पहुंच रही हैं। ऐसे में यदि किसी कारणवश किसी व्यक्ति का नाम आवश्यक अभिलेखों अथवा मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाता है तो उसे भविष्य में कई सरकारी सुविधाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी लोगों को समय रहते आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन एवं पंजीकरण कार्य पूरा कर लेना चाहिए।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि एसाईआर अभियान को केवल एक सरकारी प्रक्रिया के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे लोकतांत्रिक भागीदारी और जनसशक्तिकरण के अभियान के रूप में आगे बढ़ाना चाहिए। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे गांव, पंचायत, वार्ड और मोहल्ला स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाएं तथा लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं। बैठक को जिला सचिव आरिफ अंसारी, केंद्रीय सदस्य कलीम अख्तर, रणजीत सिंह सरदार, नगर अध्यक्ष मोहम्मद लड्डन खान, मीडिया प्रभारी मोहम्मद साजिद, हरिओम साहू, गुमला प्रखंड अध्यक्ष सतीश उरांव, रायडीह प्रखंड अध्यक्ष राजेश टोप्पो सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर भी बल दिया। बैठक में रमेश गोप, बेंजामिन लकड़ा, संजय सिंह, साजिद मंजर उर्फ छोटू, प्रदीप सिंह, कृष्णा उरांव, शीकूंदा लकड़ा, कृष्णा लोहरा, मोहम्मद अनवर खान, बुद्धमानी, मोहम्मद आफताब, शाहनवाज, नावेद, मनोज तिर्की, जेम्स तिर्की, सरिता मिंज, मंगल खड़िया, वचन देव गोप सिंह, विश्राम उरांव, देवलाल साहू, चरण गोप, मोहम्मद सुहेल, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद अफरोज, शेरू अफरोज कुरैशी, निर्मला कुजूर, मंजुला कुजूर, मिल रेड मिंज, आरोही कुजूर, अन्ना ग्लोरिया कुजूर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक के अंत में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आगामी दिनों में बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि गुमला जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार बैठकें आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।