गम्हरिया में विधिक सेवा प्राधिकरण का बड़ा outreach, गरीब व जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता का भरोसा
बाल विवाह, डायन प्रथा और बाल श्रम कानूनों पर ग्रामीणों को मिला विस्तृत प्रशिक्षण, विधिक सहायता के प्रति जागरुक करतीं रहीं रिंकू सिन्हा

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से चलंत लोक अदालत वाहन को अंचल निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन को रवाना किए जाने से पूर्व प्रखंड कार्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य भूमिका जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैनल अधिवक्ता रिंकू कुमारी सिन्हा ने निभाई। अधिवक्ता रिंकू सिन्हा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए चलंत लोक अदालत के उद्देश्य, लाभ और इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्याय सभी का अधिकार है लेकिन इसके लिए कानूनी जानकारी और जागरूकता का होना जरूरी है। उन्होंने प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, अधिवक्ता सुविधा तथा गरीब एवं जरूरतमंदों को मिलने वाले अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान रिंकू सिन्हा ने बाल विवाह, बाल श्रम, डायन प्रथा जैसे सामाजिक अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर ग्रामीणों को जागरूक किया और मध्यस्थता (Mediation) के महत्व व लाभ समझाए। उन्होंने कहा कि कई विवाद कोर्ट-कचहरी से पहले ही शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाए जा सकते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए अधिवक्ता सिन्हा ने उन्हें समाधान का भरोसा दिलाया और विधिक सेवा प्राधिकरण से निर्भीक होकर सहायता लेने की अपील की। कार्यक्रम में अंचल नाजिर राहुल कुमार, पैरा लीगल वॉलंटियर्स संजीव कुमार महतो, रुपाली पति, रीता महतो, अनिता मिश्रा सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।