BREAKING : चौपारण में अफीम तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में आरोपी घायल
हथिया बाबा मंदिर के पास पुलिस की छापेमारी में दो गिरफ्तार, दो देसी पिस्टल और कारतूस बरामद

चौपारण : हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में शनिवार, 29 अगस्त को पुलिस ने नशीले पदार्थ अफीम की कथित खरीद-फरोख्त और हथियारबंद आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की। हथिया बाबा मंदिर के समीप की गई छापेमारी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया जबकि दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। घटनास्थल से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और अफीम बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के आसपास कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हथियारों के साथ मौजूद हैं और अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के आधार पर चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को मौके से पकड़ लिया जबकि एक व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस का दावा है कि भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपी के पेट में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान अजय सिंह, निवासी चापी गांव, बाराचट्टी थाना क्षेत्र, गया (बिहार) के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किए हैं। इसके अलावा अफीम भी जब्त की गई है। हालांकि अफीम की कुल मात्रा के संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान भी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।