डीएवी पब्लिक स्कूल के NCC कैडेट्स ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में NCC की महत्वपूर्ण भूमिका है।

By Ajay Kumar
पाकुड़: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर, पाकुड़ के NCC कैडेट्स द्वारा बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लिए कैडेट्स पूरे उत्साह, अनुशासन और जोश के साथ यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा के दौरान कैडेट्स ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत की। पूरे मार्ग में तिरंगे की शान और NCC कैडेट्स का अनुशासित स्वरूप लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत के गौरव, स्वतंत्रता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में NCC की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यालय परिवार ने NCC कैडेट्स के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। तिरंगा यात्रा से पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का वातावरण बन गया और लोगों के मन में “राष्ट्र प्रथम” की भावना और अधिक मजबूत हुई।