हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स एसोसिएशन की नई राज्य कार्यकारिणी का गठन
राष्ट्रीय सचिव बोले : अमित मोदक के नेतृत्व में संगठन को मिली नई पहचान

गम्हरिया : हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स एसोसिएशन, झारखंड राज्य की राज्य स्तरीय चुनावी बैठक शनिवार को गम्हरिया स्थित अरुणोदय क्लब सभागार में शांतिपूर्ण एवं विधिवत तरीके से संपन्न हुई। वर्ष 2026-2029 कार्यकाल के लिए आयोजित इस चुनाव में नई राज्य कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया जबकि कई जिला प्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। चुनाव प्रक्रिया संगठन के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुमार एवं राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त उमेश कश्यप की उपस्थिति और पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बच्चों के व्यक्तित्व विकास तथा स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार पर विशेष चर्चा की गई। चुनाव में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल को अध्यक्ष, अमित मोदक को राज्य सचिव तथा सुनील सिंह को चेयरमैन चुना गया। वहीं सुरेश नारायण चौधरी एवं अनुपम कुमार सिंह को उपाध्यक्ष, अखिलेश्वर प्रसाद और प्रणय राय को संयुक्त सचिव, दीनाबंधु पांडा को राज्य मुख्य आयुक्त तथा जगबंधु महतो को स्टेट हेडक्वार्टर कमिश्नर (मीडिया) की जिम्मेदारी सौंपी गई। गाइड विंग की उपाध्यक्ष के रूप में कुसुम देवी और कोषाध्यक्ष पद पर गंगा सागर सिंह का चयन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव राजेश कुमार ने संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व कार्यकाल में राज्य सचिव रहे अमित मोदक ने संगठन को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि राज्य के बच्चों को राज्य पुरस्कार दिलाने में अमित मोदक की महत्वपूर्ण भूमिका रही जिसके कारण झारखंड में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नई पहचान मिली। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम आने वाले वर्षों में संगठन को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त उमेश कश्यप ने भी संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में स्काउट-गाइड की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने राज्य में स्काउट-गाइड गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने, अधिक से अधिक बच्चों को जोड़ने तथा सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर चलाने का संकल्प लिया। बैठक का समापन संगठन की प्रगति और युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ किया गया।