कपाली में हत्या के मामले का प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
कपाली ओपी पुलिस की कार्रवाई, निमडीह के रूपडू गांव से 21 वर्षीय रवि सिंह मुंडा गिरफ्तार

चांडिल : कपाली ओपी पुलिस ने हत्या से संबंधित एक मामले में प्राथमिकी अभियुक्त रवि सिंह मुंडा (21) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी रवि सिंह मुंडा, पिता सामल सिंह मुंडा, निमडीह थाना क्षेत्र के रूपडू गांव का निवासी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कपाली ओपी कांड संख्या 101/26, दिनांक 16 जुलाई 2026 के मामले में की गई है। उक्त मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238, 89 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि संबंधित मामले में प्राथमिकी अभियुक्त रवि सिंह मुंडा को गिरफ्तार किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।