ताज़ा-ख़बर

31 साल पुराने मामले में आधी रात पटना से गिरफ्तार हुए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव

रिपोर्ट: VBN News Desk17 घंटे पहलेबिहार

राजनीतिक साजिश का आरोप, समर्थकों का हंगामा, धोखाधड़ी व जालसाजी के मामले में कार्रवाई

31 साल पुराने मामले में आधी रात पटना से गिरफ्तार हुए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव

पटना : बिहार की राजनीति में उस वक्त हलचल मच गई जब पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से बीती आधी रात गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी वर्ष 1995 के एक पुराने मामले में की गई है। पटना पुलिस की टीम एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ मंदिरी स्थित उनके आवास पर पहुंची और वारंट दिखाकर उन्हें हिरासत में लिया। बताया गया कि पप्पू यादव दिल्ली से पटना लौटे ही थे, तभी पुलिस उनके घर पहुंच गई। गिरफ्तारी के दौरान समर्थकों ने विरोध जताया और नारेबाजी की जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। पप्पू यादव ने प्रारंभ में गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि वे स्वयं शनिवार सुबह अदालत में पेश होने को तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें गिरफ्तारी वारंट नहीं बल्कि संपत्ति कुर्की से संबंधित कागजात दिखाए गए। गिरफ्तारी से पूर्व मीडिया से बातचीत में सांसद ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में नीट छात्रा की मौत और गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े मामलों को लेकर सरकार पर सवाल उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार यह मामला पटना के गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 552/1995 से जुड़ा है। शिकायतकर्ता मकान मालिक विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि पप्पू यादव ने निजी उपयोग के नाम पर मकान किराए पर लेकर उसे राजनीतिक कार्यालय में बदल दिया। मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी, घर में घुसपैठ, आपराधिक धमकी और षड्यंत्र जैसी धाराएं दर्ज हैं, जो अब बीएनएस की समकक्ष धाराओं में विचाराधीन हैं।

इन्हें भी पढ़ें.