ताज़ा-ख़बर

राजद विधायक के निजी चालक का संदिग्ध हालात में शव बरामद, हत्या की आशंका से गांव में सनसनी

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेबिहार

पारू में मिली युवक की लाश से हड़कंप, एफएसएल व डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस

राजद विधायक के निजी चालक का संदिग्ध हालात में शव बरामद, हत्या की आशंका से गांव में सनसनी

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में राजद विधायक के निजी चालक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है जो पारू विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक शंकर राय के निजी चालक के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार सूरज कुमार का शव उनके घर के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही लालू छपरा गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सूरज कुमार की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। घटना की खबर फैलते ही विधायक के समर्थक और शुभचिंतक भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पारू थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। विधायक के करीबी व्यक्ति की इस तरह संदिग्ध मौत से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इन्हें भी पढ़ें.