हर घर तिरंगा अभियान के तहत वार्ड पार्षद निभा देवी ने घर-घर पहुंचकर किया तिरंगा वितरण
कार्यक्रम के दौरान पूरे वार्ड में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान हो उठा

By Ajay Kumar पाकुड़: राष्ट्रव्यापी "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत नगर परिषद पाकुड़ के वार्ड संख्या–11 की वार्ड पार्षद निभा देवी ने अपने वार्ड में घर-घर जाकर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों को तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाने का आह्वान.
अभियान के दौरान महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के बीच तिरंगा वितरित किया गया। लोगों ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेते हुए अपने-अपने घरों पर पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद निभा देवी ने कहा कि “भारत का तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान, स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान तथा करोड़ों भारतीयों की भावनाओं और आत्मसम्मान का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा “हर घर तिरंगा” अभियान प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर पूरे सम्मान और ध्वज संहिता का पालन करते हुए तिरंगा अवश्य फहराएँ तथा आने वाली पीढ़ी को भी राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दें।
कार्यक्रम के दौरान पूरे वार्ड में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान हो उठा। वार्डवासियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक लोगों को “हर घर तिरंगा” अभियान से जोड़ेंगे और 80वें स्वतंत्रता दिवस को पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाएंगे।