गुमला के 1331 स्कूलों में सुविधाओं का भारी अभाव: 30 विद्यालयों में छात्राओं के लिए शौचालय तक नहीं, सदन में गरजे विधायक भूषण तिर्की
कुल प्रभावित विद्यालय 1,331 है जहाँ बुनियादी सुविधाओं का टोटा है। 30 स्कूल ऐसे है जहां शौचालय विहीन है छात्राएं खुले में शौच जाने को विवश है।

चैनपुर/गुमला-: गुमला जिले के सरकारी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं को लेकर विधायक भूषण तिर्की ने विधानसभा में सरकार को घेरा है। सोमवार को शून्यकाल के दौरान सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए विधायक ने जिले के 1331 स्कूलों में शौचालय और पेयजल की दयनीय स्थिति का मामला प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक भूषण तिर्की ने सदन को अवगत कराया कि सुविधाओं की कमी का सबसे बुरा असर छात्राओं पर पड़ रहा है। जिले के 30 स्कूलों में छात्राओं के लिए और 40 स्कूलों में छात्रों के लिए शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। स्थिति इतनी गंभीर है कि छात्राएं स्कूल समय के दौरान खुले में शौच जाने को मजबूर हैं जो उनकी सुरक्षा और गरिमा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
आंकड़ों में देखिए बदहाली की तस्वीर कुल प्रभावित विद्यालय 1,331 है जहाँ बुनियादी सुविधाओं का टोटा है। 30 स्कूल ऐसे है जहां शौचालय विहीन है छात्राएं खुले में शौच जाने को विवश है। पेयजल की सुविधा नहीं 50 स्कूल ऐसे है जहाँ बच्चों को पीने का पानी तक नसीब नहीं है।विधायक ने कहा कि एक तरफ शिक्षा के स्तर को सुधारने की बात कही जा रही है वहीं दूसरी तरफ जिले के 50 स्कूलों में बच्चों के पास पीने के पानी की तक व्यवस्था नहीं है। उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से पुरजोर मांग की है कि गुमला जिले के इन सभी प्रभावित स्कूलों में अविलंब शौचालय निर्माण कराया जाए और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था बहाल की जाए ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।