मोहर्रम जुलूस के बीच घर में घुसकर युवक की निर्मम हत्या, बचाने पहुंचे चाचा पर भी चाकू से हमला
पुरानी रंजिश ने ली जान, चतरा में टांगी-भुजाली से वार कर युवक की हत्या, दो नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस

चतरा : झारखंड के चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़हाई गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे बेखौफ हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक की टांगी और भुजाली से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चाचा को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहर्रम जुलूस के दौरान कुछ हमलावर डीजे बंद कर मोहम्मद आबिद के घर पहुंचे। पहले उन्होंने परिवार वालों से पानी मांगा और फिर शाहजहां को तलाशने लगे। शाहजहां के सामने आते ही आरोपियों ने उसकी जांघ पर टांगी और भुजाली से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में उसकी जांघ की मांसपेशियां बुरी तरह कट गईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। भतीजे को बचाने पहुंचे चाचा शबीर मियां पर भी हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। उनके सीने के दोनों ओर वार किए गए जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों के अनुसार उनके सीने में कुल 13 टांके लगे हैं और उनका इलाज हजारीबाग में जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल शाहजहां को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले शाहजहां और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। मोहर्रम के बाद पंचायत के माध्यम से मामला सुलझाने की तैयारी थी लेकिन उससे पहले ही हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया गया। सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि मामले में बाप-बेटे फरहान और फैजान (पिता साजिद अंसारी) को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस परिजनों के आवेदन के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।