गम्हरिया में स्वदेशी जागरण मंच की प्रतियोगिताओं में 152 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, 7 नवंबर को होगा सम्मान
चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और मेहंदी प्रतियोगिता के जरिए स्वदेशी व देशभक्ति का संदेश, दीपावली पर शहीदों के नाम जलेगा दीप

गम्हरिया : स्वदेशी जागरण मंच, सरायकेला-खरसावां जिला के तत्वावधान में मंगलवार को छोटा गम्हरिया स्थित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा स्थानीय बालिकाओं और महिलाओं सहित कुल 152 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह और जिला पर्यावरण प्रमुख रश्मि भेंगरा ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गम्हरिया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजय प्रसाद उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि विभाग संयोजक राजकुमार शाह और सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार थे। शिक्षाविद् रविकांत भगत ने परीक्षक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिताओं में आदर्श विकास विद्यालय, वाणी विद्या मंदिर, विद्या भारती, विद्या ज्योति स्कूल, राज्य संपोषित उच्च विद्यालय और नव ज्योति विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा 6 से 8 की चित्रकला प्रतियोगिता में 48, कक्षा 9 एवं 10 की प्रश्नोत्तरी में 32 तथा कक्षा 11 एवं 12 की प्रश्नोत्तरी में 35 विद्यार्थी शामिल हुए। मेहंदी प्रतियोगिता में 37 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में झारखंड के स्वतंत्रता सेनानी, स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पाद, शिक्षा का अधिकार, मेरे सपनों का भारत और बिजली बचाओ जैसे विषय रखे गए। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में झारखंड के आर्थिक परिदृश्य, स्थानीय उत्पादों एवं पर्यटन से रोजगार, मतदान का महत्व, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम्, बौद्धिक संपदा अधिकार और अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत की भूमिका जैसे विषयों पर प्रतिभागियों की समझ परखी गई। आयोजकों के अनुसार प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वालों को 7 नवंबर 2026 को दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजन की सफलता में मंच के सदस्यों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।