ताज़ा-ख़बर

सरायकेला-खरसावां में ड्रोन की मदद से 19 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट, 3 आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: MANISH 31 दिन पहलेझारखण्ड

पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण, अब तक 498 एकड़ अवैध अफीम नष्ट, 12 आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां में ड्रोन की मदद से 19 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट, 3 आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां : पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 08 फरवरी 2025 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 19 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया। इस विशेष अभियान के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विनष्टीकरण अभियान के तहत खरसावां थाना, कुचाई थाना एवं दलभंगा ओपी क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक ने खुद पहुंचकर कार्रवाई का जायजा लिया। ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे इलाके की निगरानी की गई, जिससे अवैध अफीम की खेती का सटीक आकलन किया गया। एक ओर जहां कुचाई थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी के नेतृत्व में ग्राम जोडासारजोम में 03 एकड़ अवैध अफीम नष्ट की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया वहीं ईचागढ़ थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडे के नेतृत्व में ग्राम सालुकडीह में 01 एकड़ अफीम की खेती नष्ट की गई तथा दलभंगा ओपी क्षेत्र में ओपी प्रभारी रविन्द्र मुंडा के नेतृत्व में ग्राम सियाडी टोला नावाडीह में 10 एकड़ अफीम की खेती नष्ट की गई और दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। वहीं पुलिस के जागरूकता अभियान से प्रभावित होकर दलभंगा ओपी क्षेत्र के ग्राम बांधडीह में ग्रामीणों ने स्वयं 5 एकड़ अवैध अफीम की फसल नष्ट कर दी। सरायकेला-खरसावां जिले में फसली वर्ष 2024-25 में अब तक 498 एकड़ भूमि पर अवैध अफीम की खेती नष्ट की जा चुकी है। साथ ही, अफीम की खेती में शामिल कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध अफीम की खेती के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.