262 नव-चयनित अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा- स्वास्थ्य क्षेत्र में आगे भी बड़े पैमाने पर होंगी नियुक्तियां, नवाचार और दक्षता से चुनौतियों का किया जाएगा सामना।

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित एक कार्यक्रम में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चयनित 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और विकास को गति देने के लिए बड़े पैमाने पर नियुक्तियां कर रही है तथा आने वाले समय में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 151 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, 29 वरिष्ठ अस्पताल प्रबंधक और 26 वित्त प्रबंधक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनसे निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए सभी क्षेत्रों में पर्याप्त मानवबल की आवश्यकता है। सरकार प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इसी उद्देश्य से विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी विकसित राज्य की आधारशिला होती है। राज्य सरकार आम जनता को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और मानवबल को मजबूत करने के लिए आगे भी व्यापक स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में संसाधनों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, आधारभूत संरचना और आपातकालीन सेवाओं जैसी कई चुनौतियां मौजूद हैं। कोरोना महामारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य तंत्र में नवाचार, दक्षता और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का विकास आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग, बेहतर प्रबंधन और मजबूत स्वास्थ्य ढांचे के माध्यम से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव नेहा अरोड़ा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और नव-नियुक्त अभ्यर्थी उपस्थित थे।