ताज़ा-ख़बर

बीएलए-2 का प्रशिक्षण संपन्न, मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश

रिपोर्ट: शनिरंजन 5 घंटे पहलेझारखण्ड

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

बीएलए-2 का प्रशिक्षण संपन्न, मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश

चैनपुर: चैनपुर प्रखंड सभागार में बुधवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित बीएलए-2 को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने तथा आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं का जन्म वर्ष 2003 या उसके बाद का है और जिनके माता-पिता का नाम अथवा विवरण उपलब्ध नहीं है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत 11 प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इन दस्तावेजों के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान एवं पात्रता का सत्यापन किया जाएगा।

प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्ष एवं बीएलओ-2 से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ से सामंजस्य बना कर मतदाताओं को जागरूक करें तथा पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। प्रशिक्षण में नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, नाम, पता एवं अन्य विवरणों में सुधार संबंधी प्रक्रियाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी, कर्मी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने का संकल्प लिया।

इन्हें भी पढ़ें.