गिरिडीह में इंसानियत शर्मसार, कचरा गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया सफाई कर्मी का शव
शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए न तो एंबुलेंस बुलाई गई और न ही कोई अन्य सम्मानजनक व्यवस्था की गई

**तालाब में डूबने से हुई थी दैनिक सफाई कर्मचारी की मौत, नगर निगम की व्यवस्था पर उठे सवाल ** गिरिडीह। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले एक सफाई कर्मचारी की मौत के बाद उसके शव के साथ जो व्यवहार हुआ, उसे देखकर हर किसी का दिल दहल गया। गिरिडीह में मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां नगर निगम के दैनिक सफाई कर्मचारी का शव कचरा ढोने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि नगर निगम के दैनिक सफाई कर्मचारी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए न तो एंबुलेंस बुलाई गई और न ही कोई अन्य सम्मानजनक व्यवस्था की गई। बल्कि शव को उसी कचरा गाड़ी में लादकर सदर अस्पताल लाया गया, जिसमें रोज शहर का कचरा ढोया जाता है।
इस घटना का वीडियो और तस्वीर सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जो व्यक्ति जीवन भर शहर की गंदगी साफ करता रहा, क्या मरने के बाद उसके लिए एक एंबुलेंस तक का इंतजाम नहीं हो सका?
नगर निगम की व्यवस्था पर उठा सवाल
इस घटना ने नगर निगम की व्यवस्था और मानवीय संवेदनशीलता पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ नगर निगम स्वच्छता का दावा करता है, वहीं दूसरी तरफ अपने ही कर्मचारी के शव के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार किया गया।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर एंबुलेंस की व्यवस्था होती, तो शायद कर्मचारी को बचाया जा सकता था। वहीं शव को कचरा गाड़ी में ले जाने की घटना ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है। लोगों ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल शव को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।