ताज़ा-ख़बर

झारखंड समावेशी आजीविका योजना का उद्देश्य है अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को गरीबी के चक्र से बाहर निकालना : मंत्री किशोर

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary5 घंटे पहलेझारखण्ड

योजना से पलामू के 3,800 अति गरीब परिवारों को मिलेगा आत्मनिर्भरता का आधार

झारखंड समावेशी आजीविका योजना का उद्देश्य है अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को गरीबी के चक्र से बाहर निकालना : मंत्री किशोर

सखी मंडल की दीदियों ने सामूहिक मेहनत से आत्मनिर्भरता की पेश की हैं नई मिसाल : उपायुक्त

वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर व उपायुक्त ने किया शुभारंभ

मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को छतरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में झारखंड समावेशी आजीविका योजना का शुभारंभ सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर व पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। योजना के माध्यम से पलामू के छतरपुर, हुसैनाबाद व पांडू प्रखंड के कूल 3,800 अति गरीब व संवेदनशील परिवारों को सतत आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम के दौरान योजना से जुड़े लाभुक परिवारों के बीच कंबल व सोलर लैंप का वितरण किया गया। इसके तहत छतरपुर प्रखंड के 1,600, हुसैनाबाद के 1,100 व पांडू प्रखंड के 1,100 परिवारों को योजना से जोड़ा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड समावेशी आजीविका योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को गरीबी के चक्र से बाहर निकालकर सम्मानजनक जीवन का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि योजना में केंद्र सरकार की 60 व राज्य सरकार की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। राज्य सरकार इस योजना के क्रियान्वयन में लगभग 38 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगा। मंत्री ने अति गरीब परिवारों को आजीविका के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया। इससे जरूरतमंद परिवार खेती के माध्यम से भी अपनी आय बढ़ा सकेंगे। उन्होंने योजना के तहत चिह्नित 14 गांवों में डीप बोरिंग अथवा बड़े तालाब के निर्माण की पहल करने की बात कही। इससे ग्रामीण परिवारों को सिंचाई की सुविधा मिल सके। साथ ही कृषि आधारित आजीविका को बढ़ावा मिले। उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षित एवं विकास के प्रति संवेदनशील जनप्रतिनिधियों का चयन करने की भी अपील की। मौके पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जेएसएलपीएस द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सखी मंडल की दीदियों ने सामूहिक प्रयास व मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। अब लक्ष्य केवल महिलाओं को लखपति बनाना नहीं बल्कि उन्हें करोड़पति दीदी के रूप में स्थापित करना होना चाहिए। इसके लिए महिलाओं को बकरी पालन, मुर्गी पालन, सूकर पालन, कृषि एवं छोटे व्यवसायों से जोड़ने के साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार व उचित मूल्य उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना होगा। कहा कि संगठन में बड़ी शक्ति होती है। जब महिलाएं संगठित होकर अपने उत्पादों का विपणन करेंगी, तो उन्हें बाजार में बेहतर कीमत मिल सकेगी। उन्होंने महिलाओं को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना उनके उज्ज्वल भविष्य और परिवार की सामाजिक- आर्थिक स्थिति में दीर्घकालिक बदलाव का आधार बनेगा। इस अवसर पर जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा ने योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पलामू में उपज परियोजना के सकारात्मक परिणामों के आधार पर समावेशी आजीविका योजना का विस्तार किया गया है। कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावे छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार, स्थानीय प्रखंड व अंचल के पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के कर्मी, सखी मंडल की दीदियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.