सांसद बीडी राम ने मंत्री राधा कृष्ण किशोर, उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक के साथ चियांकी एयरपोर्ट का किया निरीक्षण
हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाओं पर हुई चर्चा

सांसद बीडी राम ने शनिवार को मंत्री राधा कृष्ण किशोर के साथ चियांकी एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान चियांकी एयरपोर्ट के विकास व यहां से हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा उड़ान योजना के आगामी चरण में चैलेंज मोड फ्रेमवर्क की व्यवस्था की गई है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण एवं हवाई अड्डे के विस्तार पर होने वाले खर्च को केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने का प्रावधान है। इससे चियांकी एयरपोर्ट के विकास व यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं। अब राज्य सरकार पलामू की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चियांकी एयरपोर्ट को विकास के लिए नामित कर सकती है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं भूमि संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भेजना होगा। सांसद ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि पलामू को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिले। इससे क्षेत्र के विकास, व्यापार, पर्यटन तथा आम नागरिकों की आवागमन सुविधा को नई गति मिल सके।