निम्बस आईटीईएस और शौंडिक फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में 54 यूनिट रक्त संग्रह
रांची में आयोजित शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, उप महापौर ने की पहल की सराहना

रांची: सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत निम्बस आईटीईएस ने शौंडिक फाउंडेशन के सहयोग से बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया। लालपुर चौक स्थित मॉल डेकोर भवन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 54 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची के उप महापौर नीरज कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सामाजिक पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होती है। उन्होंने निम्बस आईटीईएस और शौंडिक फाउंडेशन की टीम को इस नेक कार्य के लिए बधाई दी।
निम्बस आईटीईएस के सीईओ एवं संस्थापक नितेश नागपाल ने कहा कि कंपनी व्यवसायिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी पूरी संवेदनशीलता से निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है और इससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कंपनी के कर्मचारियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजन को सफल बनाने में रोहित सिंह, अभिजीत कुमार, हिमांशु पांडेय, अदिति सिंह, अर्जुन यादव, अरिजीत कोटल, नीरज कुमार और संगम राज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में शौंडिक फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, निम्बस आईटीईएस की टीम तथा अन्य गणमान्य लोगों ने भी हिस्सा लिया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प दोहराया।