खालसा प्रकट दिहाड़े पर मानगो गुरुद्वारा में सेवा और श्रद्धा का संगम, धार्मिक समागम के साथ रक्तदान शिविर
रक्तदान शिविर के साथ दो दिवसीय धार्मिक समागम, संगत से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील

जमशेदपुर : खालसा प्रकट दिहाड़े (बैसाखी) के पावन अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा, मानगो में इस वर्ष धार्मिक आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 14 और 15 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रमों में जहां एक ओर रक्तदान शिविर लगाया जाएगा वहीं दो दिवसीय भव्य धार्मिक समागम भी संपन्न होगा। 14 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक गुरुद्वारा परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रक्तदान करने की अपील की है। रक्तदान महादान के संदेश के साथ यह पहल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। इसी दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक गुरमत समागम आयोजित होगा जिसमें गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक विचारों का प्रसार किया जाएगा। 15 अप्रैल को सुबह 7 बजे से 9:30 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा जिसमें रागी जत्थों द्वारा संगत को गुरबाणी का रसपान कराया जाएगा। समागम में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के धर्म प्रचारक भाई गुरविंदर सिंह (जम्मू वाले) संगत को सिख इतिहास और गुरुओं की शिक्षाओं से अवगत कराएंगे। गुरुद्वारा सिंह सभा के महासचिव सरदार जसवंत सिंह जस्सू ने कहा कि खालसा प्रकट दिवस सेवा और सिमरन का संदेश देता है। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी निरंतर चलता रहेगा। उन्होंने सभी संगतों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।