ताज़ा-ख़बर

कुकड़ू के सापारुम में जंगली हाथी का हमला, ग्रामीण की मौत से गांव में दहशत

रिपोर्ट: MANISH 8 घंटे पहलेझारखण्ड

खेत-खलिहान से घर तक दहशत, वन विभाग पर उठे सुरक्षा के सवाल

कुकड़ू के सापारुम में जंगली हाथी का हमला, ग्रामीण की मौत से गांव में दहशत

इंचागढ़ : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकरू प्रखंड के सापारूम गांव में जंगली हाथी के हमले से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी राधा तंतुबाई के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगली हाथी अचानक गांव के समीप पहुंच गया। इसी दौरान राधा तंतुबाई उसकी चपेट में आ गए। हाथी ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग कुछ भी करने में असमर्थ रहे और जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों में वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में जंगली हाथियों का लगातार आवागमन हो रहा है लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है जिससे ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि जल्द ही प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। इस घटना के बाद प्रशासन और वन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

इन्हें भी पढ़ें.