प्रेम प्रसंग में युवक की पीट-पीटकर हत्या, एक गिरफ्तार
मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है।

मेदिनीनगर : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोतारौल (टोला–तेलियाही) में 21/22 फरवरी की रात एक युवक की कथित रूप से चोरी के आरोप में पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति को चोरी के संदेह में बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक युवक को घर के बरामदे में हाथ-पैर बंधे अवस्था में बरामद किया। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उसे छुड़ाया गया और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मेदिनीनगर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के पिता रामद्वखित महतो के आवेदन पर पड़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने पारस महतो उर्फ मारतहत (पिता – बिरेंद्र महतो), निवासी कोकरसा टोला–तेलियाही, थाना पड़वा, जिला पलामू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 21 फरवरी की रात पवन कुमार उनके घर किसी लड़की से मिलने आया था। इसकी जानकारी होने पर घर के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया गया और हाथ-पैर बांधकर उसकी पिटाई की गई। बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की गई तथा आसपास के लोगों में यह बात फैला दी गई, जिसके बाद पड़ोसियों ने भी युवक की मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे के हुक लगे एक डंडे तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को 28 फरवरी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पलामू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या संदेह की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, क्योंकि अफवाह और भीड़ की हिंसा किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है।