चक्रधरपुर में गला रेतकर युवक की हत्या, पुलिस की निष्क्रियता पर भड़के लोग
ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर नियंत्रण में नाकाम प्रशासन, हत्या के बाद उठे सवाल

चक्रधरपुर, पश्चिमी सिंहभूम : शहर के गैंगखोली इलाके में बुधवार देर रात हुई निर्मम हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। शीतला मंदिर वार्ड संख्या 7 निवासी राज तांती की भुजाली से गला काटकर हत्या कर दी गई जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उधार के पैसों को लेकर विवाद के दौरान आरोपित ने राज तांती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राज किसी तरह अपने घर पहुंचा लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता मारतुल तांती ने धर्मेंद्र प्रधान के पुत्र सन्नी प्रधान पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं मृतक की बहन शांति ने दावा किया कि घटना ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े पैसों के विवाद का परिणाम है। घटना की सूचना मिलते ही पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोड़ाहाट डीएसपी कुमार विनोद और थाना प्रभारी अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छापेमारी शुरू करने की बात कही है लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध धंधा और नशे का कारोबार फल-फूल रहा था जिस पर समय रहते सख्ती नहीं बरती गई। नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन ने पहले ही सक्रियता दिखाई होती तो इस तरह की जघन्य वारदात टाली जा सकती थी। हत्या के बाद शहर में आक्रोश व्याप्त है और लोग अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।