ताज़ा-ख़बर

पीएम श्री स्कूलों में सामग्री खरीद में अनियमितता का आरोप, सांसद प्रतिनिधि ने जांच की उठाई मांग

रिपोर्ट: MANISH 1 दिन पहलेझारखण्ड

बिना निविदा सामग्री आपूर्ति और घटिया गुणवत्ता का आरोप, उपायुक्त से जांच समिति गठित करने की होगी मांग

पीएम श्री स्कूलों में सामग्री खरीद में अनियमितता का आरोप, सांसद प्रतिनिधि ने जांच की उठाई मांग

सरायकेला : खूंटी लोकसभा के सांसद प्रतिनिधि सूरज महतो ने पीएम श्री स्कूलों में आवंटित राशि के दुरुपयोग और सामग्री खरीद में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीएम श्री स्कूल उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुड़िया के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं जिनकी जांच आवश्यक है। सूरज महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि निरीक्षण के दौरान पीएम श्री योजना के तहत उपलब्ध कराई गई सामग्रियों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। साथ ही कई आवश्यक सामग्रियों की संख्या भी निर्धारित मानकों से कम मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024-25 में बिना किसी निविदा प्रक्रिया के जिला स्तर से कुछ चुनिंदा आपूर्तिकर्ताओं के माध्यम से सामग्री की आपूर्ति कराई गई। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के लिए अब तक स्कूलों को किसी भी प्रकार की सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है जिससे योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि इस पूरे मामले पर उनकी चर्चा खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा से भी हुई है। सांसद ने उन्हें जिला उपायुक्त को शिकायत देकर पूरे प्रकरण की जांच के लिए स्वतंत्र जांच समिति गठित करने का अनुरोध करने का निर्देश दिया है। सूरज महतो ने कहा कि जल्द ही जिला उपायुक्त को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर सभी तथ्यों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने मांग की कि यदि किसी स्तर पर वित्तीय अनियमितता या विभागीय लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीएम श्री योजना का लाभ विद्यार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।

इन्हें भी पढ़ें.