ताज़ा-ख़बर

बिरसानगर में 25 अप्रैल को सजेगा बैसाखी मेला, भांगड़ा-गिद्दा और गतका का दिखेगा रंग

रिपोर्ट: VBN News Desk4 दिन पहलेझारखण्ड

धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक उत्सव, कोल्हान की संगत से बड़ी भागीदारी की अपील

बिरसानगर में 25 अप्रैल को सजेगा बैसाखी मेला, भांगड़ा-गिद्दा और गतका का दिखेगा रंग

जमशेदपुर : धार्मिक आस्था, सेवा और भाईचारे के प्रतीक बैसाखी पर्व के अवसर पर बिरसानगर स्थित कालू बागान में 25 अप्रैल, शनिवार को भव्य बैसाखी मेला का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन दशमेश प्रकाश गुरुद्वारा, बिरसानगर और सिख नौजवान सभा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है जिसमें सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिलेगी। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम संध्या 6:30 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक चलेगा जिसमें पारंपरिक भांगड़ा-गिद्दा, गतका (सिख मार्शल आर्ट) का हैरतअंगेज प्रदर्शन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण होंगे। जमशेदपुर के प्रसिद्ध सन्नी भांगड़ा ग्रुप द्वारा भांगड़ा और गिद्दा की रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगी। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान परमजीत सिंह रोशन ने बताया कि बैसाखी मेला को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कोल्हान क्षेत्र की सिख संगत से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाएं ताकि भविष्य में भी पंजाबी विरसे और सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होता रहे। आयोजन समिति के सदस्य हरदेव सिंह, आकाश सिंह और रोशन सिंह ने बताया कि मेले का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और जागरूकता का संदेश फैलाना भी है। इसी कड़ी में सामाजिक मुद्दों पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जो लोगों को जागरूक करने का कार्य करेंगे। वहीं समिति के अन्य सदस्य विक्की सिंह, दीपक सिंह और हीरा सिंह ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बैसाखी जैसे पावन पर्व पर इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं के लिए भी विशेष प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जिससे नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। बैसाखी मेला को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.