NIT जमशेदपुर में M.Des 2026-27 प्रवेश प्रक्रिया मई के प्रथम सप्ताह से होगी शुरू
CEED के माध्यम से भी मिलेगा प्रवेश, कार्यरत पेशेवरों के लिए हाइब्रिड मोड की सुविधा

आदित्यपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए मास्टर ऑफ डिज़ाइन (M.Des) कार्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया मई 2026 के प्रथम सप्ताह से प्रारम्भ करेगा। यह कार्यक्रम डिज़ाइन एंड इनोवेशन सेंटर (DIC) के माध्यम से संचालित होगा और इसे ऑफलाइन तथा हाइब्रिड (ब्लेंडेड) दोनों माध्यमों में उपलब्ध कराया जाएगा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बॉम्बे के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत अब प्रवेश राष्ट्रीय स्तर की कॉमन एंट्रेंस एग्ज़ामिनेशन फॉर डिज़ाइन (CEED) के माध्यम से भी संभव होगा। इससे कार्यक्रम की राष्ट्रीय पहुंच और शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी। यह दो वर्षीय M.Des (प्रोडक्ट डिज़ाइन) कार्यक्रम इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, डिज़ाइन, कला और विज्ञान विषयों के स्नातक या स्नातकोत्तर अभ्यर्थियों के लिए खुला है। वैध CEED, GATE या NET स्कोर वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। पात्र विद्यार्थियों को भारत सरकार के मानकों के अनुसार स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा। संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता के साथ वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनने में सक्षम बनाएगा।