कुचाई में अवैध अफीम की खेती को लेकर पुलिस की बड़ी सफलता, चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कुचाई थाना कांड संख्या 08/25 दिनांक 30.01.2025 के तहत NDPS एक्ट की धारा 08/18 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सरायकेला-खरसावां : जिले के कुचाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम (पोस्ता) की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.70 एकड़ भूमि में लगी फसल नष्ट कर दी और चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार अवैध अफीम की खेती और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। 30 जनवरी 2025 को सूचना मिली कि दलभंगा ओपी अंतर्गत मेरोमजंगा गांव और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर 3.70 एकड़ में लगी अफीम की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके साथ ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुखराम मुंडा (25 वर्ष) – मेरोमजंगा, कुचाई, बुधराम मुंडा (27 वर्ष) मेरोमजंगा, कुचाई, सोना पातर (26 वर्ष) कुवाडीह, कुचाई और दीपु प्रधान (25 वर्ष) जामडीह, कुचाई शामिल है। पुलिस द्वारा आरोपियों के पास से 16 अफीम/पोस्ता के पौधे बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कुचाई थाना कांड संख्या 08/25 दिनांक 30.01.2025 के तहत NDPS एक्ट की धारा 08/18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध अफीम की खेती और बिक्री में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।