ताज़ा-ख़बर

वुडबॉल में कलकत्ता पब्लिक स्कूल बना जिला चैंपियन

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेझारखण्ड

अंडर-17 की दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक, छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमदार प्रदर्शन

वुडबॉल में कलकत्ता पब्लिक स्कूल बना जिला चैंपियन

रांची: रांची जिला के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय वुडबॉल प्रतियोगिता में कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल कर जिला चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग की दोनों स्पर्धाओं में विद्यालय की टीम ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीमवर्क के दम पर खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन कलकत्ता पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और फाइनल तक अपने प्रदर्शन को बरकरार रखा। खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता और सटीकता का परिचय देते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया।

स्कूल के खेल प्रशिक्षक संतोष कुमार के मार्गदर्शन में छात्र टीम के कृष्णा महतो, मंजीत उरांव, आयुष कुमार, अंकित कुमार, पंकज बेदिया और प्रिंस सिंह ने विगत डेढ़ महीने के कठिन अभ्यास और निरंतर प्रयास के बाद यह सफलता हासिल की। वहीं छात्राओं की टीम में रिया कुमारी, शिवानी कुमारी, श्रीजल सिंह, ज्योति कुमारी, अनुष्का कुमारी और आकांक्षा कुमारी ने शानदार तालमेल और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में गायत्री कुमारी ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। इस उपलब्धि ने विद्यालय के खेल स्तर को नई पहचान दिलाई है।

इस सफलता पर विद्यालय के उपाध्यक्ष प्रभास कुमार झा, प्राचार्या प्रियंवदा झा, निदेशक मिथिलेश कुमार मिश्र सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही सभी खिलाड़ियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इन्हें भी पढ़ें.