ताज़ा-ख़बर

सरायकेला में वीएचपी-बजरंग दल का प्रदर्शन, लव जिहाद और धर्मांतरण पर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

महिला सुरक्षा सर्वोपरि, सरायकेला में VHP के प्रदर्शन में उठी सख्त कार्रवाई की मांग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

सरायकेला में वीएचपी-बजरंग दल का प्रदर्शन, लव जिहाद और धर्मांतरण पर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

सरायकेला : जिला मुख्यालय में सोमवार को विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष डॉ. जे एन दास के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य लव जिहाद, भूमि जिहाद, जबरन धर्म परिवर्तन और महिलाओं के शोषण जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना था। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपकर इन घटनाओं पर तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। विश्व हिंदू परिषद के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ. जे एन दास ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देशभर में लेंसकार्ट मुद्दा, लव जिहाद, भूमि जिहाद और जबरन धर्म परिवर्तन की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यह सामाजिक समरसता और कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है। ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को बिना देरी के सख्त कदम उठाने होंगे ताकि समाज में कानून का भय कायम रहे।" उन्होंने जोर देकर कहा कि इन मामलों में दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो जो नजीर बने। कार्यक्रम में मौजूद भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रितिका मुखी ने महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार का शोषण, दबाव या जबरन धर्म परिवर्तन की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम प्रशासन से अपील करते हैं कि महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित और ठोस नीति बनाकर जमीन पर लागू की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना जरूरी है। ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि जिले में बढ़ रही ऐसी घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को न्याय और सुरक्षा देने के लिए विशेष प्रकोष्ठ का गठन हो। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सुनियोजित तरीके से सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है जिसे रोकना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रदर्शन में वीएचपी और बजरंग दल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। मौके पर प्रांतीय धर्माचार्य सह प्रमुख भगवान सिंह, जिलामंत्री उमाकांत महतो, विभाग संगठन मंत्री मिथिलेश महतो, प्रखंड उपाध्यक्ष धनंजय स्वर्णकार, गौरक्षा प्रमुख बिट्टू सतपति, प्रचार प्रसार प्रमुख नीतीश सिंह मौजूद थे। इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा से जिलाध्यक्ष रितिका मुखी के साथ अनीषा सिन्हा, सुनीता मिश्रा, दुलारी झा समेत अन्य महिला कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंत में प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जल्द ठोस कार्रवाई का आश्वासन मांगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.