कलर्स ऑफ लाइफ’ में दिखे प्रतिभा के रंग, चिरंजीवी कॉन्सेप्ट स्कूल का वार्षिकोत्सव संपन्न
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी शाम; सांसद संजय सेठ ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

रांची। चिरंजीवी कॉन्सेप्ट स्कूल में वार्षिक उत्सव “कलर्स ऑफ लाइफ” का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके साथ ही ज्ञान, आशा और सकारात्मकता का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोकसभा सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, कड़ी मेहनत और अच्छे संस्कारों के महत्व को समझाया। वहीं, विशिष्ट अतिथि बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुनील चंद्र दुबे ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन राजेश भंडारी, निदेशक डॉ. माया कुमार, उप-निदेशक एस.के. सिन्हा तथा प्राचार्या श्वेता त्रिपाठी सहित प्रबंधन समिति के अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा कई विशिष्ट अतिथि भी समारोह में शामिल हुए।
वार्षिकोत्सव में प्री-नर्सरी से कक्षा 11वीं तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, नाटक और गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने “कलर्स ऑफ लाइफ” थीम को जीवंत कर दिया। “यूनिटी इन डायवर्सिटी” प्रस्तुति ने देश की एकता का संदेश दिया, वहीं विलियम शेक्सपियर के नाटक “द मर्चेंट ऑफ वेनिस” और हिंदी नाटिका “संस्कार” में विद्यार्थियों के अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में झारखंड, राजस्थान, पंजाब, बंगाल, गुजरात और केरल की सांस्कृतिक झलकियों को भी प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ गीत के माध्यम से विश्व एकता का संदेश दिया। हिंदी सिनेमा के संगीतमय सफर को दर्शाती प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें 1957 से अब तक के लोकप्रिय गीतों की झलकियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
इस अवसर पर वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया गया। पिछले सत्र में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार प्राप्त करना बच्चों के लिए गर्व का क्षण रहा। साथ ही, अतिथियों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस वार्षिकोत्सव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और संस्कारों का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए पूरे परिसर को उत्साह और रंगों से भर दिया।