मात्र 436 रुपए में मिला 2 लाख का सहारा, पति की मौत के बाद पत्नी को मिली बीमा राशि
भारतीय स्टेट बैंक की हैदरनगर शाखा द्वारा सोमवार को यह चेक सौंपा गया।

हैदरनगर ,पलामू: कहते हैं छोटी बचत बड़े संकट में सहारा बनती है, और इसका जीवंत उदाहरण हैदरनगर में देखने को मिला। हैदरनगर उच्च विद्यालय के समीप निवासी अजीत राम के निधन के बाद उनकी पत्नी सीमा देवी को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 2 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।
भारतीय स्टेट बैंक की हैदरनगर शाखा द्वारा सोमवार को यह चेक सौंपा गया। शाखा प्रबंधक ओमप्रकाश ने बताया कि अजीत राम हर साल मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा करते थे और उन्होंने केवल पहले वर्ष का ही भुगतान किया था, बावजूद इसके उनकी पत्नी को पूरी बीमा राशि का लाभ मिला। सबसे खास बात यह रही कि मृत्यु प्रमाण पत्र ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से जमा करने के बाद मात्र 5 दिनों के भीतर राशि का भुगतान कर दिया गया, जो बैंक की त्वरित कार्यप्रणाली को दर्शाता है।सीमा देवी ने भावुक होकर कहा कि कम आय वाले लोगों को भी ऐसी योजनाओं से जुड़ना चाहिए, क्योंकि मुश्किल समय में यही योजनाएं परिवार के लिए आर्थिक संबल बनती हैं।फील्ड ऑफिसर अनुज सिंह ने भी सभी खाताधारकों से अपील की कि वे इस सरकारी बीमा योजना से जरूर जुड़ें, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।इस अवसर पर सुमिर कुमार, मंगल, अजय कुमार, सीएसपी संचालक पवन कुमार एवं राकिब हुसैन सहित कई लोग उपस्थित रहे।