बैंक सखी और बैंक कर्मियों पर गंभीर आरोप, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उठाई जांच की मांग
लोन राशि और खातों में गड़बड़ी का आरोप, आजाद समाज पार्टी ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की

मेदिनीनगर : सदर प्रखंड के कौड़िया पीपरडीह पंचायत में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा बैंक सखी एवं बैंक कर्मियों पर लगाए गए धोखाधड़ी के आरोपों ने ग्रामीण बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिलाओं ने बैरिया चौक स्थित ग्रामीण बैंक की बैंक सखी पूनम कुमारी तथा संबंधित बैंक कर्मियों पर लोन रिकवरी और अन्य मदों में जमा कराई गई राशि का सही हिसाब नहीं देने का आरोप लगाया है। महिलाओं का कहना है कि समूह की ओर से समय-समय पर जमा की गई रकम और बैंक खातों के रिकॉर्ड में अंतर पाया गया है। उनका आरोप है कि जमा राशि का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें मईया सम्मान योजना की राशि बंद कराने की धमकी दी गई। मामले को लेकर प्रभावित महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। महिलाओं ने प्रशासन से बैंक खातों और जमा राशि के रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मेदिनीनगर विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी अजय सिंह चेरो ने जिला प्रशासन, बैंक प्रबंधन तथा राज्य सरकार से तत्काल निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह ग्रामीण बैंकिंग प्रणाली और बैंक सखी व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करेगा। अजय सिंह चेरो ने कहा कि गरीब एवं ग्रामीण महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जांच के बाद सच्चाई सामने आनी चाहिए और प्रभावित महिलाओं को न्याय मिलना चाहिए। फिलहाल मामले में बैंक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय लोग भी पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।