झामुमो के केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू का हाल जानने पहुंचे कांग्रेस नेता फूलकांत झा, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
40 वर्षों के पारिवारिक संबंध निभाने पहुंचे फूलकांत झा, बोले- गुरुचरण बाबू जल्द स्वस्थ होकर फिर करें जनसेवा

चांडिल : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पीडीएस संघ के प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष फूलकांत झा ने रविवार को चांडिल स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू के आवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। गुरुचरण किस्कू पिछले करीब 15 दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं। इस दौरान फूलकांत झा ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि गुरुचरण बाबू जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर पुनः क्षेत्र की जनता की सेवा और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। फूलकांत झा ने बताया कि उनके परिवार और गुरुचरण बाबू के परिवार के बीच पिछले लगभग 40 वर्षों से आत्मीय एवं पारिवारिक संबंध रहे हैं। इसी पुराने स्नेह और पारिवारिक रिश्ते के कारण वे व्यक्तिगत रूप से उनका हालचाल जानने पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं लेकिन सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते हमेशा सर्वोपरि होते हैं। ऐसे समय में एक-दूसरे का हालचाल जानना और मनोबल बढ़ाना सामाजिक दायित्व भी है। इस अवसर पर देव प्रकाश देवता, गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा तथा मनोहर मंडल भी उपस्थित रहे। सभी ने गुरुचरण किस्कू (मामाजी) के शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में सक्रिय होने की कामना की।