ताज़ा-ख़बर

एसआईआर कार्य में सुस्ती पर गुमला एसडीओ सख्त, पर्यवेक्षकों को लगाई कड़ी फटकार

रिपोर्ट: शनिरंजन 2 घंटे पहलेझारखण्ड

मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी कर्मियों को कार्य में लगाने के निर्देश

एसआईआर कार्य में सुस्ती पर गुमला एसडीओ सख्त, पर्यवेक्षकों को लगाई कड़ी फटकार

चैनपुर, गुमला : मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर गुमला के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अखिलेश कुमार ने रविवार को चैनपुर प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की गति धीमी पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने पाया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य नहीं हो रहा है। इस पर उन्होंने संबंधित पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजरों) को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान निर्वाचन आयोग का अत्यंत संवेदनशील और समयबद्ध कार्य है इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रखंड प्रशासन को निर्देश दिया कि एसआईआर अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रखंड में कार्यरत सभी उपलब्ध कर्मियों को इस कार्य में लगाया जाए ताकि लंबित गणना प्रपत्रों का वितरण, सत्यापन और डिजिटाइजेशन निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जा सके। एसडीओ अखिलेश कुमार ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीन कार्यरत वॉलंटियर्स के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण समय पर दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर कार्य में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों से अभियान को मिशन मोड में संचालित कर समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। एसडीओ के सख्त रुख के बाद प्रखंड प्रशासन ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की गति तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।

इन्हें भी पढ़ें.