ताज़ा-ख़बर

उर्सुलाइन स्कूल टोंगो में वार्षिक खेल दिवस की धूम, विद्यार्थियों ने दौड़ और रिले रेस में दिखाया दमखम

रिपोर्ट: शनिरंजन 11 घंटे पहलेझारखण्ड

खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का होता है विकास: मेरी लकड़ा

उर्सुलाइन स्कूल टोंगो में वार्षिक खेल दिवस की धूम, विद्यार्थियों ने दौड़ और रिले रेस में दिखाया दमखम

चैनपुर (गुमला) : उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल, टोंगो के प्रांगण में शुक्रवार को प्रथम वार्षिक खेल दिवस समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत विद्यालय की बैंड पार्टी और स्काउट दल द्वारा अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने ध्वजारोहण और मशाल प्रज्वलित कर खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत उद्घाटन किया। विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ ली। इस दौरान बच्चों ने मास ड्रिल और पारंपरिक नागपुरी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और खूब तालियां बटोरीं। खेल प्रतियोगिताओं के तहत सीनियर वर्ग में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, रिले रेस, सैक रेस सहित बौद्धिक क्षमता पर आधारित आईक्यू टेस्ट आयोजित किए गए। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेरी लकड़ा ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेल गतिविधियों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। अंत में मुख्य अतिथि ने खेल दिवस समारोह के समापन की घोषणा की। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की सेक्रेटरी सिस्टर जुलिता टोप्पो, अन्य धर्मबहनों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और विद्यार्थियों का योगदान रहा। समारोह में आसपास के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.