ताज़ा-ख़बर

बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे स्टार क्रिकेटर ईशान किशन, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना

रिपोर्ट: VBN News Desk10 घंटे पहलेझारखण्ड

युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा के मुरीद हुए ईशान किशन, बताया भारतीय क्रिकेट का भविष्य

बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे स्टार क्रिकेटर ईशान किशन, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना

देवघर : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले ईशान किशन इस दौरान पूरी तरह भक्ति के रंग में नजर आए। बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद ईशान किशन ने अपनी धार्मिक आस्था साझा करते हुए कहा कि जब भी जीवन में कोई महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल करना होता है या किसी बड़े उद्देश्य की ओर कदम बढ़ाना होता है, तो वह बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने जरूर पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था है और यहां आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। उन्होंने भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और सफलता की कामना की। इस दौरान ईशान किशन ने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा की भी जमकर सराहना की। उन्होंने वैभव को विशेष प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में बड़े-बड़े गेंदबाजों का बेखौफ अंदाज में सामना करना असाधारण उपलब्धि है। उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और आक्रामकता दिखाई देती है। ईशान ने उम्मीद जताई कि वैभव आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का भविष्य बन सकते हैं। उल्लेखनीय है कि ईशान किशन ने वर्ष 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 126 गेंदों पर 200 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इस उपलब्धि के साथ वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए थे। ईशान किशन के देवघर पहुंचने की खबर मिलते ही मंदिर परिसर में क्रिकेट प्रेमियों और प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। प्रशंसक अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्साहित दिखे। उनका देवघर आगमन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।

इन्हें भी पढ़ें.