बड़कागांव के जंगल में अपराध की साजिश नाकाम, प्रिंस खान गिरोह का एक सदस्य हथियार-गोलियों के साथ गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस को देखते ही दो युवक जंगल में भागे, देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, पर्चे और चार मोबाइल बरामद

रिपोर्ट : अजय कुमार
बड़कागांव : हजारीबाग पुलिस ने बड़कागांव थाना क्षेत्र के कोयलंग-बाघपंजा जंगल में अपराध की योजना बना रहे कथित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल, छह जिंदा गोलियां, प्रिंस खान के नाम से लिखे दो पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई की जानकारी बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह से जुड़े कुछ अपराधकर्मी कोयलंग-बाघपंजा जंगल में एकत्र होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम जंगल में पहुंचकर निगरानी करने लगी। इसी दौरान सड़क किनारे टूटे मिट्टी के घर के पीछे दो-तीन युवक छिपे दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आता देख तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया जबकि दो अन्य जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए युवक की पहचान संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा (करीब 25 वर्ष), पिता स्व. निरंजन महतो, ग्राम तलसवार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि दोनों फरार युवकों को प्रिंस खान ने हथियार और गोली के साथ बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए भेजा था। तीनों हथियार, गोली और पर्चे के साथ योजना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने 25 जुलाई 2026 को 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड, बुढ़ना घाटी में हाईवा वाहन पर पिस्टल से गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात भी बताई। उसने इस घटना में कुणाल कुमार पाण्डेय, अंकित कुमार पाण्डेय और कौशल पाण्डेय उर्फ ओमप्रकाश पाण्डेय के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।