ई-कल्याण छात्रवृत्ति की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, लंबित प्रमाण पत्रों पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने जताई चिंता
चांडिल में जाति, आय, आवासीय और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों का जल्द हो निष्पादन, मधुश्री महतो ने SDO को लिखा पत्र

चांडिल : अनुमंडल क्षेत्र में लंबित जाति, आय, आवासीय तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के त्वरित निष्पादन की मांग को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने सभी चारों प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में छात्र-छात्राओं और आम जनता के लंबित आवेदनों का नियमानुसार जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की है। 27 अक्टूबर 2026 को जारी पत्रांक 46/2026 में मधुश्री महतो ने कहा है कि विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से आवेदन किए गए हैं, लेकिन कई दिनों से उनका निष्पादन नहीं हो रहा है। इससे विद्यार्थियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ई-कल्याण छात्रवृत्ति की अंतिम तिथि नजदीक
जिला परिषद उपाध्यक्ष ने विशेष रूप से ध्यान दिलाया कि ई-कल्याण छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। ऐसे में समय पर जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने से बड़ी संख्या में गरीब विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर नहीं बनने से आम लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो रही है। उनके अनुसार यह केवल प्रमाण पत्र जारी करने का मामला नहीं बल्कि गरीब विद्यार्थियों के भविष्य और आम जनता के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। मधुश्री महतो ने एसडीओ से छात्रहित और जनहित को ध्यान में रखते हुए लंबित आवेदनों पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त तथा चांडिल अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को भी भेजी गई है ताकि संबंधित कार्यालयों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।