दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान आज, आचार संहिता होगी लागू
चुनाव से पहले सोमवार को जारी फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार, दिल्ली में कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता हैं।

नई दिल्ली : दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज हो सकता है। चुनाव आयोग दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा, जिसमें 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव की तिथियां घोषित होने की संभावना है। चुनाव एक ही चरण में कराए जा सकते हैं। तारीखों के ऐलान के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
1.55 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव से पहले सोमवार को जारी फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार, दिल्ली में कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता हैं। चुनाव की घोषणा के बाद मतदान और चुनाव परिणामों के बीच आमतौर पर 30 दिन का अंतर होता है।
पार्टियों की तैयारियां तेज
चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 29 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। वहीं कांग्रेस ने भी तीन सूचियां जारी कर कई उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए है।
चर्चित सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला
नई दिल्ली विधानसभा सीट इस चुनाव में सबसे चर्चित बनी हुई है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ेंगे। अरविंद केजरीवाल से दो दो हाथ करने के लिए भाजपा से पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा और कांग्रेस कोटे से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित चुनाव मैदान में रहेंगे। कालकाजी विधानसभा सीट भी चर्चा में है। इस सीट पर आम आदमी पार्टी से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार आतिशी सिंह लड़ेंगी। भाजपा से रमेश विधूड़ी तथा कांग्रेस से अलका लांबा चुनाव मैदान में रहेंगी।
चुनाव प्रचार की हलचल तेज
तारीखों के ऐलान के साथ ही चुनाव प्रचार की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। आम आदमी पार्टी अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है, जबकि भाजपा और कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगा रही हैं। चुनाव आयोग की घोषणा से पूरे दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की उम्मीद है।