ताज़ा-ख़बर

कान्हाचट्टी के सायलबगीचा में धूमधाम से संपन्न हुई दुर्गा पूजा, डांडिया और रावण दहन बना आकर्षण

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

पूजा को लेकर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया।

कान्हाचट्टी के सायलबगीचा में धूमधाम से संपन्न हुई दुर्गा पूजा, डांडिया और रावण दहन बना आकर्षण

दीपक सिंह कान्हाचट्टी (चतरा): कान्हाचट्टी प्रखण्ड के सायलबगीचा में इस वर्ष दुर्गा पूजा पूरे धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। पूजा को लेकर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

पूजा के दौरान विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सप्तमी, अष्टमी और नवमी के अवसर पर भव्य डांडिया कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डांडिया की धुन पर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान के लिए ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

नवमी के दिन चतरा विधायक जनार्दन पासवान भी पूजा पंडाल पहुंचे और माता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के कार्यों की सराहना की और सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दी। वहीं दशमी के दिन रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़े। रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

पूजा समिति द्वारा इस वर्ष साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया था। पंडाल परिसर और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की गई थी, जिसकी सभी ने सराहना की।बुधवार को पूरे विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदा किया और अगले वर्ष फिर से आने की कामना की।

इन्हें भी पढ़ें.