बीजेपी की आक्रोश रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों का हंगामा, बीडीओ कार्यालय में जबरदस्ती घुसने की कोशिश
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बीडीओ कार्यालय के मुख्य गेट को तोड़ने का प्रयास भी किया जिससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

बोकारो : जिले के चास में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित राज्यव्यापी आह्वान पर एक विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। चास स्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कार्यालय के मुख्य द्वार पर भारी संख्या में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारेबाजी की और सरकार की नीतियों के विरोध में आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बीडीओ कार्यालय के मुख्य गेट को तोड़ने का प्रयास भी किया जिससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हंगामे और उग्र प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रण में लाया गया। इस रैली का उद्देश्य सरकार की कथित विफलताओं, भ्रष्टाचार और जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ जनता की आवाज़ को मुखर करना था। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है और जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनी जा रही है। इस कारण अब सड़कों पर उतरकर जनता का आक्रोश दिखाना जरूरी हो गया है। प्रदर्शन के चलते बीडीओ कार्यालय में सामान्य कामकाज भी प्रभावित हुआ। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही गई है और किसी भी प्रकार की क्षति के संबंध में जांच के निर्देश दिए गए हैं।