पाकुड़ में बीजेपी का आक्रोश प्रदर्शन, हेमंत सरकार पर जमकर बरसे कार्यकर्ता
बीजेपी ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

पाकुड़ : जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था, व्यापक भ्रष्टाचार और सरकारी योजनाओं की विफलता को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने सभी प्रखंड मुख्यालयों पर जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। पार्टी जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन से प्रखंड कार्यालय तक पदयात्रा निकाली और हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के नाम ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में राज्य में चरमराई कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, धान खरीद में किसानों के साथ धोखाधड़ी, बंद पेंशन योजनाएं और स्वास्थ्य-शिक्षा व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दों को उठाया गया। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार और खनिज संपदा की लूट बढ़ती जा रही है। विद्यालयों में शिक्षक नहीं हैं, अस्पतालों में दवा-डॉक्टर नहीं और जनता जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए दलालों पर निर्भर है। पार्टी ने मांग की कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, किसानों का बकाया भुगतान हो, प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया पारदर्शी बने, पेंशन योजनाएं बहाल हों, और सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर पूर्व प्रदेश मंत्री शर्मिला रजक, अनुग्रहित प्रसाद साह, रूपेश भगत, धर्मेंद्र त्रिवेदी, सुशांत घोष, शबरी पाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। बीजेपी ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।